राजनीति में दम दिखाने का नहीं घायल मानवता को मरहम लगाने का समय है यह

मालवा-दर्पण न्यूज/आगर-मालवा। देश ही नहीं दुनिया में कोरोना रूपी कंस ने हाहाकार मचा रखा है। सभी ओर कोरोना कोहराम से बचाव के ही उपाय निरंतर किए जा रहे है पर कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संकट की घड़ी में देश में लगातार बचाव के उपाय किए जा रहा है। पूरा प्रशासन तंत्र तो इस समस्या से निदान के लिए दिनरात डटा हुआ है। अनेक सामाजिक संस्थाएं एवं सेवाभावी लोग निरंतर जनसेवा में लगे हैं, जिसकी इस समय देश को जरुरत भी है। अनेक जरूरतमंद लगातार हमारी ओर याचक निगाहों से निरंतर देख रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति का इस समय यह कर्तव्य है हम उन लोगों की सेवा नि:स्वार्थ भाव से करें, पर ऐसे राष्ट्रव्यापी संकट के समय भी कुछ लोग एक-दूसरे पर व्यर्थ की छींटाकशी करने में जरा-सी भी शर्म महसूस नहीं कर रहे है। इस समय भी ओछी राजनीति करने में अपनी सफलता तलाश रहे हैं। ऐसी संकट की घड़ी में हमें सब मतभेद चाहे वे सामाजिक हो, राजनीतिक हो, धार्मिक हो  या जैस भी हो सभी मतभेद भुलाकर उन लोगों की सेवा में लगे जो इस महामारी की चपेट में आ रहे है। यह समय एक-दूसरे को नीचे दिखाने का नहीं एक दूसरे का सहयोग करने का है। यह समय राजनैतिक विद्वेश का नहीं  राजनीति भूलकर मानव सेवा का है। यह समय मृत परिवार के लोगों के सहयोग का है। मृतकों पर राजनीति करने का नहीं। यह समय हर गरीब जरूरतमंद की मदद का है। उनकी आड़ में राजनीति केरियर चमकाने का नहीं। यह समय अत्यंत ही नाजुक है। इस समय देश समाज को मरहम की जरूरत है राजनीति दांव पेेंच की नहीं। समय निकल जाएगा। आपका इस समय किया गया एक नेक कार्य समाज इतिहास हमेशा याद रखेगा। कर भला हो भला।